अगले हफ्ते कांग्रेस छोड़ेंगे कैप्टन; नई पार्टी की रखेंगे आधारशिला, कई विधायकों के साथ होने का दावा

By: Oct 22nd, 2021 12:07 am

चंडीगढ़, 21 अक्तूबर (ब्यूरो)

नई पार्टी के गठन का ऐलान कर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब में सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। सूत्रों के अनुसार अगले हफ्ते कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस को अलविदा कर सकते हैं। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी नई पार्टी की आधारशिला रखेंगे। अन्य दलों के नाराज नेताओं को कैप्टन साधने में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि पंजाब कांग्रेस में फूट पड़ सकती है। सिद्धू-चन्नी विवाद अमरिंदर सिंह को संजीवनी दे सकता है। यही वजह है कि कांग्रेस नेताओं की चिंता बढऩे शुरू हो गई है। कैप्टन ने कहा कि मेरे संपर्क में कई विधायक हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह वापस कांग्रेस में नहीं जाएंगे और गठबंधन भी नहीं करेंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव में कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी नई पार्टी की धमाकेदार एंट्री चाह रहे हैं। कैप्टन का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस को सबक सिखाना है।

अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि अगर पंजाब में पार्टी का विवाद खत्म नहीं हुआ तो नुकसान उठाना पड़ सकता है। कई मौजूदा विधायक और नाराज नेता अमरिंदर सिंह की पार्टी में शामिल हो सकते हैं। इसको लेकर कांग्रेस नेताओं की चिंता बढऩे लगी हैं। कैप्टन ने एक इंटरव्यू में दावा किया कि पंजाब के कई विधायक उनके संपर्क में हैं। अगर उनके नाम सार्वजनिक कर दिया तो पार्टी की फजीहत हो जाएगी। मैं अपनी बात में पूरी तरह से अडिग हूं। न तो मैं कांग्रेस में वापस जाऊंगा और न ही गठबंधन करूंगा। नई पार्टी की घोषणा जल्द करने वाला हूं। कैप्टन ने कहा कि सिद्धू के रहते कांग्रेस और नीचे जाएगी। सिद्धू को जितनी जल्दी पार्टी से निकालेंगे, कांग्रेस उतनी फायदे में रहेगी।

खरड़ तहसील में सुविधा कैंप 25 को

खरड़। उपमंडल मजिस्ट्रेट खरड़ द्वारा 25 अक्तूबर को सब डिवीजन खरड़ में अलग-अलग जगहों पर सुविधा कैंप लगाए जा रहे हैं। इस संबंधी पहला कैंप बुधवार को मुल्लांपुर गरीबदास में गुरूद्वारा नानक दरबार, रतवाड़ा रोड़ पर लगाया गया। प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि 22 को महर्षि बाल्मीक धर्मशाला घडुआं, 23 को खालसा स्कूल कुराली तथा 25 अक्तूबर को बीडीपीओ दफ्तर माजरी में सुविधा कैंप लगाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App