उम्र 89… 100 मीटर दौड़ में झटका दूसरा स्थान

By: Dec 3rd, 2021 12:53 am

स्टाफ रिपोर्टर- गगरेट
जीवन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो उम्र का पहाड़ भी राहों के आड़े नहीं आता। ऐसा ही जज्बा लिए उपमंडल गगरेट के भंजाल अप्पर के 89 वर्षीय जोगिंद्र सिंह ने ट्रैक पर ऐसा फर्राटा भरा कि वाराणसी में आयोजित ऑल इंडिया वैटरन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में सौ मीटर दौड़ स्पर्धा में दूसरा स्थान तो चार सौ मीटर स्पर्धा में तृतीय स्थान हासिल करके सबको हैरत में डाल दिया। इससे पहले भी जोगिंद्र सिंह ऑल इंडिया वैटरन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दौ सौ मीटर स्पर्धा में प्रथम व पांच सौ मीटर दौड़ स्पर्धा में द्वितीय स्थान हासिल कर चुके हैं। इस 89 वर्षीय गबरू की इस फुर्ती को देखकर युवा भी दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हैं।

जोगिंद्र सिंह भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त हुए हैं और अभी भी अपने सारे काम खुद करने के साथ खेतीबाड़ी भी खूब करते हैं। जोगिंद्र सिंह पूर्णतया शाकाहारी हैं और सुबह और शाम दौड़ लगाना उनकी नियमित जीवन शैली में शुमार है। 27 से 29 नवंबर तक वाराणसी में आयोजित की गई ऑल इंडिया वैटरन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेने वाले जोगिंद्र सिंह हिमाचल प्रदेश से एकमात्र एथलीट थे। जिन्होंने अपने जज्बे से इस प्रतियोगिता में द्वितीय व तृतीय स्थान लेकर साबित कर दिया है कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी है। अगर उन्हें सही मार्गदर्शन मिले और युवा कड़ी मेहनत करें तो वे भी प्रदेश का नाम देश व दुनिया में रोशन कर सकते हैं। जोगिंद्र सिंह की इस उपलब्धि पर उनके घर बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App