दो चरणों में होगा बजट सत्र, पहला चरण 31 जनवरी, दूसरा 14 मार्च से होगा शुरू
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
संसद का बजट सत्र इस महीने की आखिर में 31 जनवरी से शुरू होगा। यह दो चरणों में चलेगा। इसका पहला चरण 31 जनवरी से 11 फरवरी तक चलेगा और दूसरा चरण 14 मार्च से शुरू होकर आठ अप्रैल तक चलेगा। बजट सत्र के पहले चरण की शुरुआत के दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे। सूत्रों ने संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति की सिफारिशों का हवाला देते हुए शुक्रवार को जानकारी दी कि केंद्रीय बजट पहली फरवरी को पेश किया जाएगा। बजट सत्र का पहला चरण 11 फरवरी तक चलेगा।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद एक महीने के अवकाश के बाद सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च से शुरू होगा और आठ अप्रैल तक चलेगा। आम बजट के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। सरकार का इस बजट में भी खेती पर खास ध्यान रहने वाला है। ऐसे में कृषि क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार आगामी 2022-23 के बजट में कृषि ऋण के लक्ष्य को बढ़ाकर 18 लाख करोड़ रुपए कर सकती है। चालू वित्त वर्ष के लिए कृषि ऋण का लक्ष्य 16.5 लाख करोड़ रुपए है। सरकार हर साल कृषि ऋण के लक्ष्य को बढ़ा रही है, इसलिए उम्मीद है कि इस साल भी बढ़ोतरी होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App