Result: एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल परीक्षा में 651 पास, स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जारी किया रिजल्ट
प्रदेश भर में दस सितंबर को लिया था इम्तिहान
सिटी रिपोर्टर— धर्मशाला
हिमाचल सरकार के अनुसूचित जनजाति विभाग के तत्वावधान में स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से करवाई गई एकलव्य मॉडल आवासीय परीक्षा-2023 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया है। परीक्षा के लिए प्रदेश भर से बोर्ड को कुल 858 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से कुल 651 परीक्षार्थी अपीयर हुए हैं। पास होने वाले अभ्यर्थियों में 327 लडक़े व 324 लड़कियां हैं। इसके अलावा 207 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे। बोर्ड की ओर से प्रदेशभर में परीक्षा का आयोजन दस सिंतबर को 10 केंद्रों में किया गया था। इससे पहले बोर्ड की ओर से अस्थायी उत्तरकुंजी जारी की गई थी, जिसमें अभ्यर्थियों की ओर से उत्तरकुंजी में दर्ज उत्तरों के संदर्भ में परीक्षार्थियों की ओर से दर्ज करवाई गई आपत्तियों की विषय विशेषज्ञों से समीक्षा करवाने उपरांत तैयार की गई अंतिम उत्तरकुंजी के अनुसार परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है। परीक्षा से संबंधित संपूर्ण डाटा-दस्तावेज, हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति विभाग व हिमाचल एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से प्राधिकृत प्रतिनिधि को दस्ती तौर पर सौंप दिए जाएंगे।
उसके बाद ईएमआरएस स्कूलों में मेरिट के आधार पर दाखिले हेतु आगामी कार्रवाई प्रदेश एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा दी जाएगी। चंबा के होली व पांगी, किन्नौर के निचार तथा लाहुल-स्पीति के कुकुमसेरी में एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल स्थापित हैं, जिनमें प्रदेश के समस्त क्षेत्रों के अनुसूचित जनजाति से संबंध रखने वाले विद्यार्थियों को कक्षा छठी से निशुल्क शिक्षा दी जाती है। इन सभी स्कूलों में 150 विद्यार्थियों के लिए सीटें उपलब्ध हैं, जिन्हें एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल चयन टेस्ट 2023 की मेरिट के आधार पर भरा जाना है। यह जानकारी स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डा. मेजर विशाल शर्मा ने दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
