जिसे भारत की समझ नहीं, वह ज्ञान न दे, सीएए पर अमरीका की टिप्पणी पर सरकार का दोटूक जवाब
सीएए पर अमरीका की टिप्पणी पर मोदी सरकार का दोटूक जवाब, यह हमारा आंतरिक मसला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए को लेकर अमरीका की ओर से चिंता जताए जाने पर भारत ने कड़ा ऐतराज जताया है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है। इसमें अमरीका की टिप्पणी अवांछित और गैरजरूरी है। इसके अलावा उसके पास नागरिकता संशोधन कानून को लेकर गलत जानकारी है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा है कि नागरिकता संशोधन अधिनियम, 2019 भारत का आंतरिक मामला है और यह भारत की समावेशी परंपराओं और मानवाधिकारों के प्रति हमारी प्रतिबद्धताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया फैसला है, जिनके पास भारत की बहुलवादी परंपराओं और क्षेत्र के विभाजन के बाद के इतिहास के बारे में सीमित जानकारी है, उनको इस मुद्दे पर ज्ञान देने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि एक्ट के नोटिफिकेशन पर अमरीका की चिंताओं पर हम सख्त ऐतराज जताते हैं। यह हमारा आंतरिक मसला है और अमरीका को इस पर टिप्पणी करने से बचना चाहिए। अमरिकी विदेश मंत्रालय ने टिप्पणी की थी कि हम सीएए पर नजर बनाए हुए हैं। उसके विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा था कि भारत में 11 मार्च को नागरिकता संशोधन कानून का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। हम इस बात पर करीबी नजर बनाए हैं कि कैसे इस एक्ट को लागू किया जाता है।
सभी वर्गों को धर्म की आजादी देता है भारत का संविधान
जायसवाल ने कहा कि भारत का संविधान सभी वर्गों को धर्म की आजादी देता है। यहां किसी अल्पसंख्यक के साथ उत्पीडऩ का कोई आधार ही नहीं है। उन्होंने कहा कि पीडि़तों के लिए यदि कोई कानून बना है, तो उस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। इस मामले में उन लोगों का लेक्चर ठीक नहीं है, जिन्हें भारत की संस्कृति और विभाजन के बाद या पहले के इतिहास के बारे में जानकारी नहीं है। इस मामले में भारत के साझीदारों और समर्थकों को हमारा साथ देना चाहिए। इस कानून की भावना को समझना चाहिए।
अमरीकी गायिका ने की पीएम मोदी की प्रशंसा
मशहूर अफ्रीकन-अमरीकन सिंगर मैरी मिलबेन ने शुक्रवार को सीएए को लेकर पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखी एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि सीएए लागू करके पीएम मोदी ने शानदार नेतृत्व का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के इस कदम से उन तमाम लोगों को घर मिल जाएगा, जो अपने धर्म के चलते परेशान हैं। मिलिबेन ने यह भी कहा कि सीएए लोकतंत्र का सही प्रतिरूप है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App