ट्रंप का बड़ा एक्शन, मेक्सिको-कनाडा के बाद अब चीनी सामान पर भी लगाया 10 फीसदी शुल्क
वाशिंगटन। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को चीन से आयातित वस्तुओं पर 10 प्रतिशत शुल्क लगाने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए। व्हाइट हाउस ने कहा कि 10 प्रतिशत शुल्क मौजूदा शुल्क के अलावा चीन से आयातित सभी वस्तुओं पर लगाया गया है। श्री ट्रम्प का कहना है कि शुल्क उनके संरक्षणवादी उपायों को अपनाने के अनुरूप है। अमरीका के नवीनतम व्यापार संरक्षणवादी उपाय का घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक विरोध हुआ है।
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माओ निंग ने कहा है कि चीन हमेशा मानता है कि व्यापार युद्ध या शुल्क युद्ध में कोई विजेता नहीं होता है और अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने में दृढ़ है। वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे याडोंग ने कहा है कि शुल्क मुद्दे पर चीन की स्थिति सुसंगत है। उन्होंने कहा कि शुल्क उपाय न तो चीन या अमरीका के हितों के अनुकूल हैं न ही बाकी दुनिया के लिए। आदेश के अनुसार अमरीका ने मेक्सिको और कनाडा से आने वाले उत्पादों पर भी 25 प्रतिशत शुल्क लगाया है। कनाडा से आने वाले ऊर्जा उत्पादों पर प्रशासन ने 10 प्रतिशत शुल्क लगाया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

