CM Sukhu: कौशल विकास से बढ़ेगा प्रदेश में रोजगार, निर्माणाधीन भवनों के लिए की यह घोषणा

By: Feb 12th, 2025 12:08 am

शिमला में बैठक के दौरान बोले मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, निर्माणाधीन भवनों के लिए 25 करोड़ देने की घोषणा

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के लिए कौशल विकास की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निगम को बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम की कार्ययोजना बनाने और उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि युवाओं की क्षमता का निर्माण हो सके और छोटे पैमाने के स्टार्टअप स्थापित करने के लिए सहयोग प्रदान किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निगम के आठ निर्माणाधीन भवनों के लिए 25 करोड़ रुपए आबंटित करेगी। इन भवनों के निर्माण कार्य को जून, 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इनके अधिकतम उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया है। उन्होंने निगम को निर्देश दिया कि युवाओं के प्रशिक्षण के लिए निकटवर्ती एचपीकेवीएन भवनों को तकनीकी शिक्षा विभाग को सौंप दिया जाए। इसके अतिरिक्त निगम ने प्रशिक्षुओं की सुविधा के लिए राज्य में 67 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में उपकरणों के उन्नयन के लिए धन उपलब्ध करवाया है।

38,572 युवाओं को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र

सीएम सुक्खू ने बताया कि पहली जनवरी, 2023 से अब तक 38,713 युवाओं को हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में नामांकित किया गया है। इनमें से 38,572 को प्रशिक्षण प्रमाणपत्र दिए जा चुके हैं और 8630 प्रशिक्षुओं की प्लेसमेंट हुई है। उन्होंने प्रशिक्षुओं की दक्षता और कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए अधिकारियों को निगम का प्रशासनिक नियंत्रण तकनीकी शिक्षा निदेशक को हस्तांतरित करने की संभावना तलाशने के भी निर्देश दिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App