बंजार कालेज के छात्रों को नशे से दूर रहने की सलाह

By: Nov 7th, 2025 12:57 am

निजी संवाददाता-गुशैणी(बंजार)
आज के समय में नशा एक बड़ी सामाजिक समस्या बन चूका है। नशा न केवल एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि परिवार, समाज और पूरे देश को भी प्रभावित करता है। खासकर युवा पीढ़ी इसकी चपेट में तेजी से आ रही है, जिससे अपराध और बीमारियां बढ़ रही हैं। सरकार और समाज मिलकर नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। स्कूलों कालेज और मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाई जा रही है और तस्करों पर सख्त कार्रवाई भी हो रही है। हिमाचल प्रदेश सरकार भी 15 नवंबर 2025 से नशे की घातक दवा चिट्टे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू करने जा रही है। जानकारी के अनुसार इस अभियान की शुरुआत शिमला के रिज मैदान से एंटी-चिट्टा रैली के साथ होगी। मुख्यमंत्री स्वयं इस रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस रैली में विधायक, अधिकारी, छात्र और आम लोग शामिल होंगे। यह अभियान तीन महीनों तक चलेगा और इसमें राज्य से लेकर पंचायत स्तर तक कार्यवाही की जाएगी। सरकार ने कॉलेजों में एंटी-चिट्टा वालंटियर टीमों के गठन की भी योजना बनाई है। इसी कड़ी में मेंटल हेल्थ एंड ड्रग अवेयरनेस क्लब एवं मेंटल हेल्थ एंड एंटी-ड्रग्स सेंसिटाइजेशन क्लब राजकीय महाविद्यालय बंजार द्वारा नशा जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में प्रोजेक्ट संभव के संस्थापक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यटन कारोबारी पंकी सूद ने मुख्य वक्ता के रूप में प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन की ऊर्जा और संभावनाओं को समाप्त कर देता है। युवा वर्ग को चाहिए कि वे कठिनाइयों से भागने के बजाय उनका सामना साहस के साथ करें। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया है कि साहस चुनो, जीवन चुनो और आगे बढ़ो। इस मुहिम के संस्थापक पंकी सूद का कहना है कि नशे से मुक्ति की राह पर एक नई उम्मीद लेकर मिशन संभव नशे के ख़िलाफ जंग एक सामाजिक पहल है, जो नशे के शिकार लोगों तक जागरूकता सहानुभूति और इलाज पहुँचाने का काम कर रही है। इनका मानना है कि नशा कोई अपराध नहींए बल्कि इलाज योग्य बीमारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App