हमारी लाई परियोजनाओं की रिपेयर तक नहीं
विधायक इंद्र सिंह गांधी पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने बोला हमला, मानसिक संतुलन खोने के आरोप
कार्यालय संवाददाता-मंडी
ग्राम पंचायत बड़सू (मंडी) में पंचायत घर का लोकार्पण कार्यक्रम मंगलवार को आयोजित हुआ, जहां मुख्यातिथि पूर्व ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री प्रकाश चौधरी ने मंच से ही स्थानीय राजनीति पर तीखे प्रहार किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत बड़सू के प्रधान गोविंद राम बर्धन ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में संजीव गुलेरिया, चेयरमैन एपीएमसी जिला मंडी तथा विशेष उपस्थिति में पूर्व जिला परिषद सदस्य चमन राही मौजूद रहे। मुख्यातिथि प्रकाश चौधरी ने स्थानीय विधायक इंद्र सिंह गांधी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मेरे कार्यकाल में जो योजनाएं आई थीं, उनकी रिपेयर तक नहीं करवा पा रहे हैं। हमारे करवाए अथाह विकास की रिपेयर करवाने में स्थानीय विधायक पूरी तरह नाकाम रहे हैं। विधायक निधि की सभी प्राथमिकताएं ठंडे बस्ते में पड़ी हुई हैं। इंद्र सिंह गांधी बताए कि विधायक निधि का क्यों दुरुपयोग किया जा रहा है और विधायक प्राथमिकताएं जनता के सामने रखी जाएं, ताकि सच सामने आ सके। उन्होंने आगे भाजपा पर वार करते हुए कहा कि भाजपा के 9 विधायक आज किसी मुंह से जनता की पैरवी कर रहे हैं, जब सबने एम्स को बिलासपुर ले जाने के लिए लिख कर दिया था और आज हड़ताल कर ड्रामे रच रहे हैं।
विशेष अतिथि संजीव गुलेरिया ने भी विधायक पर हमला बोलते हुए कहा कि बल्ह विधानसभा क्षेत्र में शीघ्र ही बहुउद्देशीय सब्जी मंडी भवन का मुख्यमंत्री से शिलान्यास करवाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक मानसिक संतुलन खो चुके हैं और सरकार के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। पूर्व जिला परिषद सदस्य चमन राही ने अपने संबोधन में कहा कि जाति-पाति और बिरादरी के आधार पर विधायक बनाया जाता है तो यह लोकतंत्र के लिए घातक होता है और आज बल्ह के लिए विकास को ग्रहण लग गया है। कार्यक्रम के दौरान भवन के लोकार्पण मौके पर मुख्यातिथि ने कई गणमान्य व्यक्तियों को सम्मानित किया। इनमें कर्मसिंह सैनी (पिछड़ा वर्ग के संयोजक), सेवानिवृत्त लोक संपर्क कुलदीप गुलेरिया, गौरव मरवाह (एमडी विजय मैमोरियल कॉलेज), ब्लॉक समिति सदस्य परमानंद आजाद, लोहारा पंचायत प्रधान पन्ना लाल, नवदुर्गा महिला मंडल बडसू प्रधान हेमलता, सचिव ऋतु, लक्ष्मी महिला मंडल गडसौल प्रधान रमा देवी, सचिव कौशल्या देवी, समाजसेवी सोहन लाल, शेरसिंह, राधेश्याम (पार्षद नगर परिषद नेरचौक), युकां नेता नवीन राणा, नितिश राव, अश्वनी सैनी, लुदर सिंह और अन्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
