वाकआउट छोड़, मुद्दों पर करें बात, शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले CM सुक्खू की भाजपा को चुनौती

By: Nov 26th, 2025 12:00 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए मंगलवार शाम धर्मशाला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी पर ताबड़तोड़ सियासी हमले किए। उन्होंने विपक्ष को वाकआउट की राजनीति छोडक़र जनता के मुद्दों पर चर्चा करने की चुनौती दी और प्रदेश के विकास, विशेषकर कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने पर अपनी प्राथमिकता जाहिर की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि विपक्षी पार्टी पांच गुटों में बंटी हुई है और इन सभी गुटों को दिल्ली में फटकार लगती है। यही कारण है कि भाजपा विधायक अपने-अपने मुद्दों पर वाकआउट करने का सहारा लेते हैं। उन्होंने विपक्ष को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा विधायक पिकनिक मनाने को वाकआउट करने के लिए न आएं, बल्कि जनता के मुद्दों को उठाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विपक्ष को वाकआउट का अधिकार है, लेकिन यह तथ्य और मुद्दों के आधार पर ही होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा भ्रष्टाचार, लॉ एंड ऑर्डर सहित अन्य मुद्दों पर सवाल उठाएगी, तो सरकार उसका जवाब देने को तैयार है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष विनय कुमार पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विनय कुमार एक अनुभवी, मिलनसार और हंसमुख व्यक्तित्व हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी मिलकर काम करते हुए और मजबूत होगी।

विकास सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दोहराया कि प्रदेश का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट विस्तार करने और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विपक्ष सकारात्मक मुद्दों पर कभी भी चर्चा करे, सरकार उसका जवाब देने को पूरी तरह तैयार है।

कांग्रेस के बिके गुट पर प्रहार

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा का नाम लिए बिना भाजपा के अंदरूनी मसलों पर भी कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा में कांग्रेस का बिका गुट बहुत मजबूत है, जो कभी भाजपा नेताओं को डिनर देकर तो कभी अन्य माध्यमों से मंत्री बनने की लॉबिंग कर रहा है। ये लोग सीएम तो जिंदगी में कभी नहीं बनेंगे और अगली बार धर्मशाला की सीट भी कांग्रेस जीतेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App