पर्यटन विभाग की बिल्डिंग बनी नशेडिय़ों का अड्डा

By: Nov 26th, 2025 12:02 am

पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर बिल्डिंग से बरामद किए इंजेक्शन व नशे का अन्य सामान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-सोलन
सोलन-चंबाघाट मार्ग पर स्थित पर्यटन विभाग की पुरानी बिल्डिंग ‘टूरिज्म बंगला’ नशेडिय़ों का अड्डा बन गया है। पिछले कई दशकों से बंद पड़ी यह बिल्डिंग खंडहर में तबदील हो गई है, लेकिन इसकी सुध नहीं ली जा रही है। वहीं, इस बिल्डिंग के बंद व जर्जर होने के चलते यह नशेडिय़ों के लिए उपयुक्त स्थान बन गया है। पिछले कई दिनों से इस बिल्डिंग में संदिग्ध लोगों की आवाजाही को नोटिस किया जा रहा था, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। बिल्डिंग में पहुंची पुलिस को इंजेक्शन, बिस्तर सहित बोतलें व नशे का अन्य सामान बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि विभाग व प्रशासन इस बिल्डिंग की सुध ले। बता दें कि पुराने बस स्टैंड से कुछ दूरी पर ही स्थित यह बिल्डिंग अरसे में बंद पड़ी है।

इसकी हालत जर्जर है और यह गिरने की कगार पर भी पहुंच गई है। टूरिज्म बंगला नाम से प्रसिद्ध इस बिल्डिंग में कभी पर्यटन विभाग का कब्जा था लेकिन दशकों पहले इसे खाली कर दिया गया था। इसके बाद से यह बिल्डिंग धीरे-धीरे खंडहर में तबदील हो गई है। लेकिन न तो स्थानीय प्रशासन और न ही विभाग द्वारा इसको लेकर कोई कार्रवाई की गई। वीरान पड़ी यह बिल्डिंग नशे के लत में पड़े लोगों के लिए एक परफेक्ट ठिकाना बन गई है। एक-दो दिन पहले वार्ड नंबर 5 के पार्षद अमरदीप पांजा को इस बिल्डिंग से दुर्गंध आती हुई महसूस हुई। उन्होंने तुरंत ही निगम कर्मियों को इसकी सूचना दी और कहा कि बिल्डिंग में कोई जानवर मरा हो सकता है । उनके कहने पर बिल्डिंग के भीतर जब निगम के कर्मी पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। बिल्डिंग में गद्दे व कंबल बिछे हुए थे, जैसे कोई इसे रहने के लिए इस्तेमाल कर रहा है। वहीं, इधर-उधर भारी मात्रा में इंजेक्शन, बोतलें व अन्य नशे का सामान पड़ा हुआ है। उन्होंने तुरंत ही वार्ड पार्षद को इस संबंध में अवगत कराया और पार्षद ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बिल्डिंग की तलाशी लेकर इंजेक्शन, बोतलेंए नशे का सामान व बिस्तर आदि बरामद किए। पांजा ने प्रशासन से मांग की इसको लेकर सकारात्मक कार्रवाई की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App