13 से दिल्ली दौरे पर हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, 14 को वोट चोर, गद्दी छोड़ महारैली में होंगे शामिल
कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग सलाहकार बोर्ड की बैठक में लेंगे हिस्सा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार शनिवार से नई दिल्ली के दौरे पर हैं। 13 दिसंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग सलाहकार बोर्ड की बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मालिकार्जन खरगे करेंगे जबकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। 14 दिसंबर को विनय कुमार वोट चोर,गद्दी छोड़ महारैली में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से नई दिल्ली जाने वाले पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करेंगे। इस महारैली में प्रदेशभर से 2500 से अधिक पार्टी कार्यकर्ता भाग लेंगे। गौर हो कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने इस महारैली के लिए पार्टी नेताओं की चार कमेटियां गठित की है जो दिल्ली जाने वाले सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के खाने पीने से लेकर उन्हें लाने लेजाने सहित सभी सुविधाओं को सुनिश्चित करेंगे। विनय कुमार ने आज इन कमेटियों के संयोजको से सभी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कहा कि दिल्ली जाने वाले सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को किसी भी प्रकार की कोई भी असुविधा न हो।
विनय कुमार ने पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं,विधायकों, पूर्व विधायकों, बोर्डों, निगमों के सभी अध्यक्षों, उपाध्यक्ष, अग्रणी संगठनों व विभागों के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ,कांग्रेस शासित नगर निगमों के सभी पार्षदों व कांग्रेस समर्थित सभी लोगों से दिल्ली में होने वाली इस महारैली में शामिल होने का न्योता दिया है। विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा लोकतंत्र में जनमत का अपमान, वोट चोरी कर सत्ता में बैठ कर आज जिस प्रकार से संबैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है, चुनाव आयोग की स्वात्यता का ह्रास कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है, वह बहुत ही दुखदाई हैं। उन्होंने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वोट चोरी के किसी भी सवाल का कोई भी जवाब आयोग नही दे रहा जबकि भाजपा उसके बचाव में राहुल गांधी के आरोपों को नकार रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की इस महारैली में भाजपा के खिलाफ पूरे देश में लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
—-अमन वर्मा
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
