संस्कृति आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका अहम, हिमाचल के राज्यपाल ने BHU में छात्रों से साझा किए विचार
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
हिमाचल के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने सोमवार को यूपी के बनारस हिंदू विवि में आयोजित भारत विमर्श के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित किया। यह कार्यक्रम दिवि वेलफेयर फाउंडेशन, काशियाना फाउंडेशन, सामाजिक विज्ञान संस्थान, काशी हिंदू विश्वविद्यालय में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पीठ द्वारा आयोजित किया गया। अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की शक्ति उसकी सांस्कृतिक जड़ों में निहित होती है, और उस संस्कृति को आगे बढ़ाने की युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। राज्यपाल ने कहा कि भारतीय परंपरा में काशी को केवल एक नगर नहीं, बल्कि ज्ञान, साधना और संस्कृति की शाश्वत राजधानी माना गया है।
उन्होंने कहा कि भारत विमर्श एक महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र, संस्कृति और समाज से जुड़े महत्त्वपूर्ण विषयों पर युवाओं, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सार्थक संवाद स्थापित करना है। इस सराहनीय अभियान के लिए उन्होंने आयोजकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस संवाद का विषय ‘शिक्षा और नशा मुक्त भारत- 2047 के विकसित भारत की ओर’ अत्यंत महत्त्वपूर्ण और समयोचित है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
