Weather Update: दिल्ली में आंधी और तेज बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत, रेड अलर्ट जारी

By: Jun 4th, 2026 6:11 pm

नई दिल्ली। दिल्ली के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर को हुई बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में दिन में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गुरुवार दोपहर 2:30 बजे तक मयूर विहार स्टेशन पर सबसे अधिक 23 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो ‘मध्यम बारिश’ की श्रेणी में आती है। आयानगर, पुष्प विहार, पालम और प्रगति मैदान में भी हल्की बारिश दर्ज की गयी, जहां सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे के बीच क्रमशः 14.2, 10.5, 5.8 मिमी और 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने शाम तक मध्य दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, नई दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा, दक्षिणी दिल्ली, दक्षिण पूर्वी दिल्ली, दक्षिण पश्चिमी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली सहित दिल्ली के सभी जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने पूरी दिल्ली में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त करते हुए कहा है कि प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी, बिजली कड़कने तथा 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए कहा, “फरीदाबाद, गुड़गांव, झज्जर, जींद, पलवल, रोहतक और सोनीपत सहित पड़ोसी जिलों में तेज हवाओं (40-60 किमी प्रति घंटा) और मध्यम बारिश (5-15 मिमी प्रति घंटा) के साथ आंधी और बिजली कड़कने का अनुमान है।”

इसी बीच, दक्षिण-पश्चिमी मानसून गुरुवार को केरल पहुंच गया है, जो सामान्य समय से तीन दिन की देरी से आया है। मानसून आमतौर पर 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है, जो दक्षिण-पश्चिमी मानसून सीजन (जून-सितंबर) की शुरुआत का प्रतीक है। मौसम विभाग ने कहा, “दक्षिण-पश्चिमी मानसून आज 4 जून, 2026 को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर के शेष हिस्सों, पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों, पूरे लक्षद्वीप द्वीप समूह, केरल और माहे, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, कोमोरिन क्षेत्र के शेष हिस्सों, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और दक्षिण-पश्चिम, पश्चिम-मध्य, पूर्व-मध्य और उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है।”


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App