बरसात से पहले एसडीआरएफ अलर्ट, आपदा की स्थिति में राहत-बचाव कार्यों के लिए जवान तैयार
स्टाफ रिपोर्टर — मंडी
बरसात से पहले हिमाचल एसडीआरएफ का रिफ्रेश कोर्स पूरा हो चुका है। इस कोर्स के माध्यम से एसडीआरएफ के जवानों को आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार किया गया। आगामी मॉनसून सीजन को देखते हुए हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। पिछले वर्षों में भारी बारिश, बाढ़, भू-स्खलन और फ्लैश फ्लड से हुए नुकसान को ध्यान में रखते हुए इस बार आपदा प्रबंधन को लेकर पहले से ही व्यापक रणनीति पर काम किया जा रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं। मई माह के दौरान एसडीआरएफ ने जेएसडब्ल्यू कर्चम-वांगतू हाइड्रो प्रोजेक्ट, सुन्नी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट और शोघी औद्योगिक क्षेत्र में कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम और फेमेक्स कार्यक्रम आयोजित किए।
इन कार्यक्रमों के तहत मॉकड्रिल, रेस्क्यू डेमो, निकासी अभ्यास और आपदा जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। हिमाचल में वर्ष 2023 और 2025 के दौरान आई प्राकृतिक आपदाओं ने सडक़ों, पुलों, हाइड्रो परियोजनाओं और आबादी वाले क्षेत्रों को भारी नुकसान पहुंचाया था। इन्हीं अनुभवों के आधार पर इस बार जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। एसपी एसडीआरएफ अर्जित सेन ने बताया कि जवानों को नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है, वहीं एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड और जिला प्रशासन के साथ समन्वय मजबूत किया गया है। स्थानीय समुदायों को भी आपदा प्रबंधन प्रक्रिया से जोडऩे के प्रयास किए जा रहे हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
