15 दिन में सडक़ें न सुधरीं तो बंद होंगे उद्योग और शुरू होगा आंदोलन
डेढ़ साल से सिर्फ कागजी मरम्मत, बिलासपुर के उद्योगपतियों का फूटा गुस्सा
कार्यालय संवाददाता – बिलासपुर
जिला लघु उद्योग संघ के नेतृत्व में औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों ने शुक्रवार को उद्योग विभाग और जिला प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी जताते हुए खस्ताहाल सडक़ों की समस्या को लेकर एक बार फिर ज्ञापन सौंपा। उद्योगपतियों ने कहा कि इस संबंध में 26 जनवरी और 25 अप्रैल 2026 को भी प्रदेश के उद्योग मंत्री को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में कहा गया है कि औद्योगिक क्षेत्र की सडक़ों की स्थिति दिन-प्रतिदिन और खराब होती जा रही है। प्रतिदिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं और स्थानीय लोग लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस समस्या को उजागर कर रहे हैं।
उद्योगपतियों का कहना है कि जिला लघु उद्योग संघ द्वारा कई बार उद्योग विभाग और जिला प्रशासन को इस गंभीर समस्या से अवगत करवाया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। संघ ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि औद्योगिक क्षेत्र की सभी सडक़ों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए आगामी 15 दिनों के भीतर निर्णायक कदम उठाए जाएं। उद्योगपतियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो 1 जुलाई 2026 के बाद उद्योगपति आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उद्योग विभाग और जिला प्रशासन की होगी।
ढाई साल का काम और सिर्फ खानापूर्ति
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले डेढ़ वर्ष से केवल औपचारिक और मामूली मरम्मत कार्य किए गए हैं।
लोकल रास्तों पर बाहरी वाहनों का कब्जा
उद्योगपतियों का कहना है कि इस औद्योगिक क्षेत्र का उपयोग अब प्रदेश और रेलवे परियोजनाओं से जुड़े बड़ी संख्या में लोग कर रहे हैं तथा यहां से गुजरने वाले वाहनों में लगभग 95 प्रतिशत बाहरी और परियोजना संबंधी यातायात शामिल है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
