डीएवी रैहन के शिक्षकों ने सीखी एआई की बारीकियां
कंप्यूटेशनल थिंकिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर कार्यशाला के दौरान दिया प्रशिक्षण
कार्यालय संवाददाता- रैहन
सीबीएसई के निर्देशन में डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल रैहन में कंप्यूटेशनल थिंकिंग गणनात्मक सोच और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की तैयारी विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला स्कूल की प्रधानाचार्या डा. रश्मि जम्वाल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस सत्र में डीएवी पब्लिक स्कूल मनेई के प्रधानाचार्य दिनेश कौशल व शिक्षकगण और मेजबान स्कूल से लगभग साठ शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यशाला के संसाधन व्यक्ति जगदीप रहे और उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप स्कूल शिक्षा में कम्प्यूटेशनल थिंकिंग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कक्षा तीसरी से पांचवीं तक कम्प्यूटेशनल थिंकिंग विषय को अनिवार्य रूप से लागू करने तथा कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की अवधारणाओं से परिचित कराने हेतु शिक्षकों को आवश्यक दिशा.निर्देश प्रदान करना था। यह कार्यशाला अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रही। अंत में स्कूल की प्रधानाचार्या डा. रश्मि जम्वाल ने संसाधन व्यक्ति का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों को प्राप्त ज्ञान को कक्षा अध्यापन में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
