धर्मशाला अस्पताल में डाक्टरों की भारी कमी
40 स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 29 डाक्टर तैनात, स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
नगर संवाददाता- धर्मशाला
धर्मशाला व निकटवर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष महत्व रखने वाले जोनल अस्पताल धर्मशाला में डाक्टरों की लगातार घटती संख्या अब स्वास्थ्य सेवाओं के लिए चिंता का कारण बनती जा रही है। अस्पताल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार अस्पताल में स्वीकृत 40 चिकित्सक पदों के स्थान पर वर्तमान में केवल 29 डाक्टर ही कार्यरत हैं, जिससे कई विभागों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ गया है। चिकित्सा अधीक्षक अनुराधा शर्मा के अनुसार पहले ही स्वीकृत संख्या से कम चिकित्सकों के साथ कार्य कर रहे अस्पताल को हाल ही में तीन और चिकित्सकों के जाने के कारण झटका लगा है। विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी का असर विभिन्न विभागों की सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है।
अनुराधा शर्मा ने बताया कि हाल ही में अस्पताल में कार्यरत एक बाल रोग विशेषज्ञ का तबादला भरमौर कर दिया गया है, जबकि उनकी जगह अभी तक किसी नए चिकित्सक की तैनाती नहीं हो पाई है। इसके अलावा अस्पताल के एक अन्य बाल रोग विशेषज्ञ भी नवंबर माह में सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। ऐसे में आने वाले समय में बच्चों से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव और बढ़ सकता है। अस्पताल को स्त्री रोग विभाग और एनेस्थीसिया विभाग में भी झटका लगा है। इन विभागों से जुड़े चिकित्सक वरिष्ठ रेजिडेंसी के लिए डाक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज, टांडा चले गए हैं, जिसके बाद संबंधित विभागों में उपलब्ध विशेषज्ञों की संख्या कम हुई है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का सीधा असर ओपीडी, आपातकालीन सेवाओं तथा अन्य नियमित चिकित्सा व्यवस्थाओं पर पड़ सकता है।
अस्पताल आने से पहले डाक्टर की जानकारी ले लें मरीज
चिकित्सा अधीक्षक अनुराधा शर्मा ने दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों से अपील की है कि अस्पताल पहुंचने से पहले संबंधित चिकित्सक की उपलब्धता की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना ना करना पड़े।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
