शपथ… युवाओं का जोश हाई
धर्मशाला पंचायत समिति में युवाओं का दबदबा, 18 में से 17 ने ली शपथ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम के तहत विकास खंड धर्मशाला की नवनिर्वाचित पंचायत समिति का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को एसडीएम कार्यालय परिसर में करवाया गया। धर्मशाला के एसडीएम मोहित रतन ने नवनिर्वाचित सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। लोकतंत्र के इस उत्सव में खास बात यह रही कि इस बार पंचायत समिति में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली है, जिसे ग्रामीण विकास के लिए एक बेहद सकारात्मक और ऊर्जावान संकेत माना जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कुल 18 सदस्यों में से 17 सदस्यों ने अपने पद की शपथ ली, जबकि एक सदस्य स्वास्थ्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके, जिन्हें बाद में शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण करवाने के बाद एसडीएम मोहित रतन ने नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों को बधाई दी।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की मौजूदगी को रेखांकित करते हुए कहा कि राजनीति और स्थानीय निकायों में युवाओं का आगे आना लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करता है। युवाओं की यह भागीदारी ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में नई ऊर्जा, नए विचार और आधुनिक दृष्टिकोण लेकर आएगी। एसडीएम ने सभी सदस्यों को उनके अधिकारों, कत्र्तव्यों और पंचायत समिति की कार्यप्रणाली के बारे में संक्षेप में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार अधिकांश सदस्य पहली बार चुनकर आए हैं, इसलिए उन्हें काम करने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए पंचायत समिति की तीसरी बैठक में एक विस्तृत प्रशिक्षण और मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। अंत में उन्होंने सभी सदस्यों के सफल कार्यकाल की कामना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
