दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी का हल्ला, संस्थापक अभिजीत बोले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, वरना…
संस्थापक अभिजीत बोले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें, वरना अगले शनिवार फिर आएंगे
जंतर-मंतर पर कॉकरोच के मुखौटे में जुटी युवाओं की भीड़, सोनम वांगचुक भी पहुंचे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके की अगवाई में बड़ी संख्या में सीजेपी समर्थकों ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) समर्थकों ने परीक्षा गड़बडिय़ों, नीट पेपर लीक और सीबीएसई मार्किंग सिस्टम में कथित गड़बडिय़ों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हल्ला बोला। सीजेपी ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पांच घंटे प्रदर्शन किया। अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें, नहीं तो अगले शनिवार को फिर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि अभिजीत शनिवार सुबह ही अमरीका से दिल्ली लौटे थे।
वह एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। वहीं सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। इसके अलावा सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी अभिजीत के साथ नजर आए। विरोध प्रदर्शन में ज्यादातर युवा थे। इनमें से कई ने कॉकरोच के मास्क पहन रखा था। महिलाएं भी कॉकरोच के मास्क में नजर आईं। कई स्कूली छात्र अपने माता-पिता के साथ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। अभिजीत दिपके ने भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि यह लड़ाई लंबी है। हमें सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक महीना हो गया है लेकिन ये लोग इतने बेशर्म हैं कि कार्रवाई करने के बजाय… हमारे अकाउंट हैक करा कर और हमारी पोस्ट डिलीट कराने जैसे काम के जरिए ध्यान भटकाने में लगे हैं। आप हमारी पोस्ट डिलीट कर सकते हैं, लेकिन हमें मिटा नहीं सकते हैं। अभिजीत दिपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री को फौरन इस्तीफा देना चाहिए। पांच छात्रों ने जान दे दी है। हमें धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक महीना हो गया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
