SMC व कम्प्यूटर टीचर सहित हजारों कर्मियों के मानदेय में बढ़ोतरी; अधिसूचना जारी
सरकार के फैसले से एसएमसी शिक्षक, मिड-डे मील वर्कर पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्कर और वाटर कैरियर होंगे लाभान्वित
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार ने बजट वर्ष 2026-27 की घोषणा को लागू करते हुए शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न वर्गों के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार ने एसएमसी शिक्षकों, मिड-डे मील वर्करों, पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों, वाटर कैरियरों और आईटी शिक्षकों के मानदेय में 500 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह बढ़ोतरी पहली अप्रैल, 2026 से प्रभावी होगी।
इस संबंध में शिक्षा विभाग के अवर सचिव हेम सिंह वर्मा ने निदेशक उच्च एवं स्कूल शिक्षा को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। सरकार के फैसले के तहत सभी श्रेणियों के एसएमसी शिक्षकों को 500 रुपए अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। इसके अलावा स्कूलों में कार्यरत मिड-डे मील वर्करों, पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों और वाटर कैरियरों के मानदेय में भी समान रूप से 500 रुपए प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। बजट भाषण में की गई घोषणा के अनुसार आईटी शिक्षकों को भी 500 रुपये मासिक बढ़ोतरी का लाभ दिया जाएगा। यह निर्णय 25 मई, 2026 को हुई मंत्रिमंडल बैठक में लिए गए फैसले के अनुरूप लागू किया है। सरकार के इस कदम से शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों कर्मचारियों और शिक्षकों को आर्थिक राहत मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
