बंगाणा बाजार से पिपलू मेला स्थल तक बनेंगे शानदार प्रवेश द्वार

By: Jun 7th, 2026 12:49 am

पिपलू मेले की बैठक में विधायक विवेक शर्मा के निर्देश; 15 जून तक चमकाएं इलाका, लापरवाही की तो खैर नहीं

स्टाफ रिपोर्टर – बंगाणा
कुटलैहड़ के जिला स्तरीय ऐतिहासिक तीन दिवसीय पिपलू मेले के सफल आयोजन को लेकर बंगाणा में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा अधिकारियों और कर्मचारियों पर जमकर बरसे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पिछले वर्ष तथा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुटलैहड़ प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए बैनर और होल्डिंग्स की स्थिति बेहद खराब थी। कई स्थानों पर बैनर इस तरह लटक रहे थे मानो कोई तूफान आया हो। ऐसी लापरवाही इस बार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि 24, 25 और 26 जून को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पीपलू मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि इस बार केवल बंगाणा क्षेत्र ही नहीं बल्कि जिला ऊना, हमीरपुर की सीमाओं तक आकर्षक व्यवस्थित तरीके से बैनर तथा होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, ताकि मेले का व्यापक प्रचार प्रसार हो सके और लोगों को मेले की जानकारी समय रहते प्राप्त हो।

विधायक विवेक शर्मा ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बंगाणा बाजार से लेकर पीपलू मेला स्थल तक मुख्य मार्गों पर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि इन गेटों की रूपरेखा और निर्माण का तरीका संबंधित विभाग स्वयं तय करें, लेकिन कार्य की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। बैठक में उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब केवल बैठकों तक सीमित रहने का समय नहीं है, बल्कि मैदान में उतरकर कार्य करने की आवश्यकता है। विधायक विवेक शर्मा ने निर्देश दिए कि प्रचार-प्रसार से संबंधित सभी कार्य 15 जून तक पूर्ण कर लिए जाएं।

ये रहे मौजूद
इस बैठक में एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल तहसीलदार एवं मेला अधिकारी अमित कुमार, खंड विकास अधिकारी केएल वर्मा कृषि अधिकारी सतपाल धीमान, वरिष्ठ पशु चिकित्सक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार जंगा, रेंज ऑफिसर अंकुश आनंद, थाना प्रभारी रोहित चौधरी, जल शक्ति विभाग अधिशाषी अभियंता हरभजन सिंह, कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, केसी शर्मा, दिनेश खत्री, बीडीसी सदस्य शेर सिंह, उपप्रधान संजय सोनी के अलावा सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारी एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App