अर्की के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने ली शपथ

By: Jun 7th, 2026 12:51 am

सोलन में उपायुक्त ने दिलाई शपथ, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प
स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की विधानसभा क्षेत्र के चार नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय सोलन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उपायुक्त सोलन एवं जिला परिषद के प्रशासक मनमोहन शर्मा ने सभी सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण करने वालों में सूरजपुर वार्ड से शशिकांत शर्मा, डुमैहर वार्ड से आशा परिहार, दाड़लाघाट वार्ड से मीनाक्षी ठाकुर तथा लग वार्ड से सतीश कुमार शामिल रहे। शपथ ग्रहण के साथ ही सभी सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों के विकास और जनसेवा के दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नवनिर्वाचित सदस्यों ने क्षेत्र की जनता, समर्थकों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। सूरजपुर वार्ड से जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा ने अपनी जीत का श्रेय क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग को देते हुए राज्य लघु बचत योजना के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद कराड़ के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए विशेष धन्यवाद व्यक्त किया।

गांवों में विकास कार्यों में तेज होगी गति
शशिकांत शर्मा ने कहा कि जनता के समर्थन से मिली इस जिम्मेदारी को वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की पंचायतों और गांवों में विकास कार्यों को गति देने तथा लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सभी को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App