फीफा ने निलंबित किया अखिल नेपाल फुटबॉल संघ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
फीफा ने अखिल नेपाल फुटबॉल संघ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। फीफा का यह फैसला नेपाल में फुटबॉल के खेल और वहां के खिलाडिय़ों के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। फीफा द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, काउंसिल के ब्यूरो ने 24 जून, 2026 को बैठक के बाद यह कड़ा कदम उठाया है और नेपाल पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। फीफा के इस निलंबन के बाद अब नेपाल की कोई भी टीम या वहां के स्थानीय क्लब, फीफा और एशियाई फुटबॉल परिसंघ द्वारा आयोजित किसी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा, इस प्रतिबंध का असर नेपाल में जमीनी स्तर पर होने वाले फुटबॉल के विकास पर भी पड़ेगा।
अब एंफा, उसके सदस्यों और अधिकारियों को फीफा या एएफसी की तरफ से मिलने वाले डेवलपमेंट प्रोग्राम, ट्रेनिंग सेशन और शैक्षणिक कोर्स का कोई लाभ नहीं मिल पाएगा। हालांकि, इस निराशाजनक खबर के बीच नेपाल फुटबॉल के लिए राहत की एक छोटी सी गुंजाइश भी छोड़ी गई है। फीफा ने साफ किया है कि अगर निलंबन की वजह बनने वाली परिस्थितियों और विवादों को समय रहते सुलझा लिया जाता है तो अगले फीफा कांग्रेस से पहले भी इस पाबंदी को वापस लिया जा सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
