पिपलू मेले में भारी अव्यवस्थाओं का आलम

By: Jun 27th, 2026 12:02 am

पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर बोले, श्रंद्धालुओं की सुविधाओं का नहीं रखा गया ख्याल

नगर संवाददाता-बंगाणा
कुटलैहड़ के जिला स्तरीय तीन दिवसीय पीपलू मेले पर पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने मेले के आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक और प्रशासन पर कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस बार पीपलू मेले में अनेक अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं, जिस से दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि इतना प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक मेला होने के बावजूद व्यवस्थाओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई, जो बेहद चिंताजनक है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि वर्ष 2022 में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने पीपलू मेले के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की थीं। इनमें सबसे प्रमुख घोषणा पीपलू में एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की थी, ताकि मेले के दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए धनराशि भी उपलब्ध करवा दी गई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App