जन-जन तक नशामुक्त अभियान पहुंचाने के लिए आगे आएं लोग

By: Jun 27th, 2026 12:01 am

बिलासपुर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत उपायुक्त राहुल कुमार की अपील, समाज से मांगा सहयोग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – बिलासपुर
जिला मुख्यालय के बचत भवन में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर बचत भवन, बिलासपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समाज, परिवार, शिक्षण संस्थान और युवा एकजुट होकर इस अभियान से जुड़ें तो नशे जैसी सामाजिक बुराई पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने सभी विभागों, पंचायत प्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों से नशा विरोधी जन आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके। कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त के नेतृत्व में उपायुक्त कार्यालय परिसर से एक विशाल नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है।

यदि हम एक युवा को नशे की गिरफ्त से बचाने में सफल होते हैं तो हम एक परिवार की खुशियों के साथ-साथ देश के भविष्य को भी सुरक्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं के प्रति जागरूक करने तथा ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (ओएसटी) के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया। इसी क्रम में जिले में 17 से 26 जून तक दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, महिला एवं युवक मंडलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, खुले कारागारों, सार्वजनिक स्थलों तथा विभिन्न सरकारी संस्थानों में शपथ ग्रहण, जागरूकता शिविर, संवाद कार्यक्रम, रैलियां, हस्ताक्षर अभियान और अन्य जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय कार्यशाला में लगभग 120 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में ज्ञान-विज्ञान समिति की प्रमिला बसु ने नशे के सामाजिक, मानसिक एवं पारिवारिक दुष्प्रभावों तथा वैज्ञानिक सोच अपनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App