नेरी में पांच राज्यों के होनहारों को मिला सफलता का मंत्र
सिविल सर्विस टॉपर्स न फूंक दी युवाओं में नई जान, लेफ्टिनेंट जनरल ने सिखाया देशभक्ति का पाठ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
ठाकुर राम सिंह इतिहास शोध संस्थान नेरी और संकल्प के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय व्यक्तित्व विकास शिविर-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान एवं अन्य प्रतिष्ठित विद्यालयों (पांच राज्यों) से कुल 60 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। 12 मेंटर वरुण जैन के मार्ग दर्शन में शिविर की समस्त गतिविधियों के संचालन में पूर्ण समर्पण के साथ सक्रिय रहे। डा. चंद्रप्रकाश (प्रोफेसर, एनआईटी हमीरपुर) ने हाउ एंड व्हाय टू क्रैक यूपीएससी पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
तुषार चौहान (एआईआर-216, यूपीएससी) ने सिविल सर्विसिज एंड यूपीएससी एग्जामिनेशन, हाउ टू राइट एन एस्से तथा वर्किंग ऑफ लेजिसलेचर एंड एग्जक्यूटिव विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। डा. वरुण जैन ने नेरेटिव सेटिंग विषय पर सत्र लिया। आशिमा सुधा ने वर्किंग ऑफ इंडियना ज्यूडिशरी विषय पर भारतीय न्यायपालिका की कार्यप्रणाली से विद्यार्थियों को परिचित करवाया। राजेश कुमार ने ‘कुटुंबप्रबोधन’ विषय के माध्यम से भारतीय पारिवारिक मूल्यों का महत्व बताया। कार्तिक सिंघल (एआईआर-340, यूपीएससी) ने नोटस मेकिंग की प्रभावी तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत करवाया। संजय (प्रांत प्रचारक, हिमाचल) ने ‘एकात्म मानव दर्शन’ विषय पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। लेफ्टिनेंट जनरल नितिन कोहली ने इंपोरटेंस ऑफ यूथ इन द कंट्री, डिफेंस ऑफ द इंडिया तथा डिफेंस फोर्सिज में विषयों पर राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
छात्रों के विकास के लिए शिविर जरूरी
डा. मिहिर बोराना ने ‘हमारा इतिहास, हमारा गर्व’ विषय पर भारतीय इतिहास की गौरव गाथा का परिचय कराया। राजेश जैन ने संकल्प की कार्य व्यवस्था एवं स्थापना के विषय में जानकारी दी, जबकि संकल्प संस्था के संस्थापक संतोष तनेजा ने संस्था के उद्देश्यों, कार्यों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त शोध संस्थान के निदेशक डा. चेतराम गर्ग ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
