रायपुर में चमकी हिमाचल की बेटियां
राष्ट्रीय मिनी गोल्फ चैंपियनशिप में जीता रजत व कांस्य पदक
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
प्रदेश की मिनी गोल्फ टीम ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय मिनी गोल्फ चैंपियनशिप में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसमें हिमाचल की टीम रजत व कांस्य पदक विजेता बनी है। इस प्रतियोगिता का आयोजन 26 से 30 जून तक किया। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 18 राज्यों की टीमों ने भाग लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश की महिला और पुरुष दोनों वर्गों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता के स्पीड प्ले डबल्स इवेंट में शिवानी और शिवानी पुत्री श्याम लाल की जोड़ी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
इसके अलावा स्टोक इवेंट में भी हिमाचल की महिला खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन किया। शिवानी, शिल्पा, हंसिका वर्मा, शिवानी द्वितीय, नितिका और शिफाली ने संयुक्त रूप से कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। खिलाडिय़ों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों और मिनी गोल्फ एसोसिएशन में खुशी का माहौल है। हिमाचल प्रदेश मिनी गोल्फ एसोसिएशन के संयोजक दीप चंद शर्मा ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश में मिनी गोल्फ के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि खिलाडिय़ों को इसी प्रकार प्रशिक्षण और अवसर मिलते रहे तो भविष्य में हिमाचल प्रदेश की महिला और पुरुष दोनों टीमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन करेंगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

