रिटायरमेंट के बाद रोजगार का मौका
वन विभाग को चाहिए अनुभवी राजस्व अधिकारी, 60 हजार तक मानदेय
दिव्य हिमााचल ब्यूरो – हमीरपुर
वन वृत्त हमीरपुर में वन भूमि के सर्वे, निशानदेही, राजस्व रिकॉर्ड की अपडेशन और वन भूमि से संबंधित अन्य मामलों को सुलझाने के लिए राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार, कानूनगो और पटवारियों की सेवाएं ली जाएंगी। वन वृत्त हमीरपुर के अरण्यपाल निशांत मंढोत्रा ने बताया कि इन कार्यों के लिए एक सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार, एक सेवानिवृत्त कानूनगो और 3 सेवानिवृत्त पटवारी फिक्स मासिक मानदेय आधार पर रखे जाएंगे। नायब तहसीलदार को 60 हजार, कानूनगो को 50 हजार और पटवारियों को 40 हजार रुपए मासिक मानदेय मिलेगा। आवेदक की आयु पहली जुलाई 2026 को 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। उसने राजस्व विभाग में कम से कम 5 वर्ष तक सेवाएं दी हों और उसके खिलाफ कोई भी केस या अनुशासनात्मक कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए। इन पदों के लिए 20 जुलाई तक वन वृत्त कार्यालय हमीरपुर में आवेदन किया जा सकता है। अरण्यपाल ने बताया कि इन सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वन वृत्त हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले वन मंडल हमीरपुर, ऊना और देहरा में तैनात किया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र, नियम एवं अन्य शर्तों की जानकारी वन वृत्त कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त की जा सकती है। इसे वन विभाग की वेबसाइट एचपीफॉरेस्ट.जीओवी.इन से भी डाउनलोड किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01972-223217 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

