नाहन में रात को दरवाजों पर कौन दे रहा दस्तक

By: Jul 3rd, 2026 12:48 am

शातिरों की हरकतें सीसीटीवी में कैद, असुरक्षित महसूस कर रहे लोग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – नाहन
नाहन के विभिन्न हिस्सों में रात के अंधेरे में शरारती तत्त्वों ने शहर के लोगों का जीना हराम कर रखा है। आए दिन रात के अंधेरे में शरारती तत्त्वों की टोलियां लोगों के घरों के बाहर की डोरबैल बजाकर लोगों को परेशानी में डाल रहे हैं। हालात यह है कि शरारती तत्त्व की हरकतें आसपास के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई हैं। यह घटना नाहन के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सामने आई है, जहां पर पिछले कई दिनों से लडक़े व लड़कियों की टोलियां सीसीटीवी कैमरे में रात के अंधेरे में लोगों के घरों की डोरबैल बजाकर नौ दो ग्यारह हो रहे हैं। जब तक घरों के अंदर से लोग दरवाजे की घंटी सुनकर बाहर निकलते हैं तब तक शरारती तत्त्व नौ दो ग्यारह हो जाते हैं। ऐसे में आसपास के लोग परेशान हैं तथा नाहन पुलिस से शहर में रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार नाहन के हाउसिंग बोर्ड कालोनी में देर रात डोरबैल बजाकर लोगों को परेशान करने वाले शरारती तत्त्वों की हरकतें अब सीसीटीवी कैमरों में भी कैद होने लगी हैं। कालोनी वासियों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ युवक-युवतियां देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच अलग-अलग घरों की डोरबैल बजाकर मौके से फरार हो जाते हैं। इससे लोगों की नींद खराब होने के साथ-साथ क्षेत्र में असुरक्षा की भावना भी बढ़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कोई एक-दो दिन की घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी हरकतें सामने आ रही हैं। देर रात अचानक डोरबैल बजने पर किसी आपात स्थिति की आशंका में घरों से बाहर निकलते हैं, लेकिन बाहर कोई नहीं मिलता। कालोनी वासियों का कहना है कि इन शरारती तत्त्वों की गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि देर रात को लोगों को परेशान किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App