शूटिंग में अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल की धाक
धौलाकुआं में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मनवाया प्रतिभा का लोहा, निदेशक-चेयरमैन ने खिलाडिय़ों को दी बधाई
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- नाहन
जिला सिरमौर के धौलाकुआं स्थित आईआरबी छठी बटालियन की शूटिंग रेंज में आयोजित जिला स्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में सिरमौर जिला के नाहन स्थित अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। चैंपियनशिप में अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल नाहन के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, अभिभावकों तथा पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभाशाली निशानेबाज सूर्यांश कपूर ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ मेन (एनआर) वर्ग में कांस्य पदक, 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में स्वर्ण पदक तथा 50 मीटर राइफल थ्री पॉजिशन जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में भी स्वर्ण पदक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। शौर्यवीर चौहान ने 10 मीटर एयर राइफल सब-यूथ मेन (एनआर) वर्ग में स्वर्ण पदक तथा 50 मीटर राइफल प्रोन जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
परी थापा ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) वर्ग एवं 50 मीटर राइफल प्रोन वूमेन (एनआर) वर्ग में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। ओजस्वनी ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) वर्ग तथा 50 मीटर राइफल प्रोन वूमेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक प्राप्त किए। मानस्वी नेगी ने 10 मीटर एयर राइफल यूथ वूमेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक तथा अर्जुन सिंह ने 10 मीटर एयर राइफल जूनियर मेन (एनआर) वर्ग में रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कोच सुधीर पॉल ने कहा कि कड़ी मेहनत का परिणाम है। निदेशक एवं प्रधानाचार्या देविंदर कौर साहनी ने सभी विजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, एकाग्रता, धैर्य और अनुशासन का विकास करते हैं। चेयरमैन अनिल जैन एवं महासचिव सचिन जैन ने कहा कि अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगिण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

