पात्रों तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ
दिशा समिति की बैठक में सांसद सुरेश कश्यप बोले; अधिकारी गंभीरता से करें काम
स्टाफ रिपोर्टर-सोलन
लोकसभा सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें, ताकि लक्षित वर्गों को समय पर लाभ मिल सके। वह गुरुवार को सोलन में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। सुरेश कश्यप ने अधिकारियों से कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत जिले में 225 कार्य स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 198 पूरे हो चुके हैं। इन पर अब तक लगभग 645 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 88,941 कार्ड बनाए गए हैं तथा 25,981 मरीजों के उपचार पर 34.21 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 101 योजनाओं पर लगभग 405 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा कृषि विभाग ने 7,230 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 259 तथा शहरी योजना के तहत 133 आवास स्वीकृत किए गए हैं। सांसद ने मनरेगा के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और सांसद निधि से चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

