सोलन में 175 रुपए किलो तक पहुंचे लहसुन के दाम

By: Jul 3rd, 2026 12:45 am

बाहरी राज्यों की मांग से सोलन मंडी में लहसुन के दाम चढ़े, किसानों को मिल रहे बेहतर भाव
सिटी रिपोर्टर-सोलन
कृषि उपज मंडी सोलन में इन दिनों लहसुन के दामों में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिल रही है। अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन का अधिकतम भाव 165 रुपए प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि सप्ताह के दौरान कुछ खेपों को 175 रुपए प्रति किलोग्राम तक का मूल्य मिला। बढ़ती कीमतों से लहसुन उत्पादक किसानों में उत्साह का माहौल है। मंडी व्यापारियों के अनुसार पिछले सप्ताह अच्छी गुणवत्ता वाले लहसुन का भाव करीब 150 रुपए प्रति किलोग्राम था, लेकिन इस सप्ताह मांग बढऩे से कीमतों में अचानक उछाल आया है। वहीं छोटे आकार के लहसुन का न्यूनतम भाव 40 रुपए प्रति किलोग्राम रहा, जबकि मध्यम गुणवत्ता का लहसुन 80 से 100 रुपए प्रति किलोग्राम के बीच बिका। व्यापारियों का कहना है कि हिमाचल के लहसुन की बाहरी राज्यों में लगातार मांग बढ़ रही है।

मौसम में बदलाव के साथ इसकी खपत में भी इजाफा होने की संभावना है, जिसका सीधा असर मंडी भाव पर पड़ रहा है। यदि मांग का यही रुख बना रहा तो आने वाले दिनों में लहसुन के दामों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। उधर, मंडी में लहसुन की आवक भी अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। अधिकांश किसानों ने अपनी फसल पहले ही मंडी में पहुंचा दी है, जिसके कारण बाजार में उपलब्धता घट रही है। सीमित आवक और बढ़ती मांग के चलते कीमतों में मजबूती बनी हुई है। व्यापारियों का मानना है कि यदि बाहरी राज्यों से मांग का यही रुझान जारी रहा तो आने वाले दिनों में किसानों को अपनी उपज का और बेहतर मूल्य मिल सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App