कांगणीधार में खाई में गिरी कार, पांच घायल
मंडी की ओर लौट रहे दोस्तों की गाड़ी हादसे का शिकार, मंडी अस्पताल में भर्ती, जांच में जुटी पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
मंडी जिले के कांगणीधार में शनिवार शाम एक सडक़ हादसा पेश आया। कांगणीधार से मंडी की ओर आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पांचों युवक घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार पांचों दोस्त कार में सवार होकर कांगणीधार से मंडी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे कार सडक़ से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास से गुजर रहे वाहन चालक तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद खाई में फंसे तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बाकी दो घायलों को खाई से बाहर निकालकर सडक़ तक पहुंचाया।
इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया। बताया जा रहा है कि कार काफी गहरी खाई में गिरी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते रेस्क्यू अभियान शुरू होने से सभी युवकों की जान बच गई। घायलों की पहचान उदय शर्मा निवासी पिंगला, आयुष शर्मा निवासी नेरचौक, भास्कर निवासी कमांद, स्वाल शर्मा निवासी समखेतर और राकेश निवासी कमांद के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

