युवाओं को नहीं हटाया जाएगा, टेंट पर एफआईआर होगी वापस
रघुपुरगढ़ के विकास के लिए में प्रमुख मांगों पर बनी सहमति, किराए में राहत, 31 अगस्त तक बनेगी ईको टूरिज्म सोसायटी
स्टाफ रिपोर्टर-आनी
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रघुपुरगढ़ में पर्यटन एवं स्वरोजगार से जुड़े स्थानीय युवाओं की समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को आनी में हिमाचल प्रदेश मिल्कफेड के अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासन विभिन्न विभागों के अधिकारियों ,जनप्रतिनिधियों , नौ पंचायतों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय युवाओं के बीच विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बन गई। बैठक में सबसे पहले पर्यटन एवं स्वरोजगार से जुड़े स्थानीय युवाओं के भविष्य को लेकर चर्चा हुई। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्षों से रघुपुरगढ़ में स्वरोजगार कर रहे स्थानीय युवाओं को वहां से नहीं हटाया जाएगा तथा उनके रोजगार और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में इको टूरिज्म के तहत वन विभाग द्वारा लिए जाने वाले दैनिक किराये का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर किराये में यथासंभव राहत देने तथा जिन युवाओं का पूर्व का किराया बकाया हैए उन्हें जमा करवाने के लिए अतिरिक्त समय देने पर सहमति बनी।
वन विभाग द्वारा स्थानीय युवाओं के विरुद्ध दर्ज एफआईआर पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में सहमति बनी कि जैसे ही संबंधित युवा अपने पक्के ढारों को हटाकर उनकी जगह अस्थायी टेंट लगाएंगे। उनके विरुद्ध दर्ज एफआईआर तत्काल वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बैठक में रघुपुरफोर्ट पर पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों के लिए पेयजल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया ताकि पर्यटन सुविधाओं में सुधार हो और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। नई इको टूरिज्म सोसाइटी का गठन क्षेत्र की सभी 9 पंचायतें मिलकर 31 अगस्त से पहले करेंगी। बैठक का संचालन डीएफओ चमन राव ने किया। बैठक में एसडीएम आनी लक्ष्मण सिंह कनेत, डीएसपी राजीव मेहता, एक्सईएन किशोर शर्मा , पंचायत समिति आनी के अध्यक्ष सतपाल ठाकुर, रीमा ठाकुर, पूर्व विधायक किशोरी लाल, पंकज परमार, 9 पंचायतों के प्रधान व अन्य शामिल हुए।
मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर के बोल
मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर ने कहा कि रघुपुरगढ़ का पर्यटन विकास और स्थानीय युवाओं के हित सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासनए पंचायतों और स्थानीय लोगों के आपसी समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कर पर्यटन को नई पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करेंगे। रघुपुरगढ़ के विकास और स्थानीय युवाओं के भविष्य को लेकर हुई इस बैठक में बनी सहमति से क्षेत्र के लोगों में नई उम्मीद जगी है और इसे पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

