एचपीयू में एमसीए नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों की काउंसिलिंग 18 जुलाई को
सामान्य वर्ग के 40 और एससी/एसटी/दिव्यांग वर्ग के 35 अंक प्राप्त छात्र बुलाए
स्टाफ रिपोर्टर— शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कम्प्यूटर साइंस विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमसीए नॉन-सब्सिडाइज्ड सीटों की काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। विभागाध्यक्ष डा. सुमेश सूद द्वारा जारी नोटिस के अनुसार काउंसिलिंग 18 जुलाई को सुबह 10 बजे कम्प्यूटर साइंस विभाग में आयोजित की जाएगी। सामान्य वर्ग के ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने एमसीए प्रवेश परीक्षा में 40 या उससे अधिक अंक, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के विद्यार्थियों ने 35 या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, वे काउंसिलिंग में भाग लेने के पात्र होंगे।
विद्यार्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र की प्रिंट कॉपी, मैट्रिक, जमा दो, स्नातक के सभी वर्षों के प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), ईडब्ल्यूएस, दिव्यांग, हिमाचली बोनाफाइड सहित अन्य दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां तथा मूल प्रमाणपत्र साथ लाने होंगे। जिन विद्यार्थियों ने स्नातक की पढ़ाई किसी अन्य विश्वविद्यालय से की है, उन्हें सीजीपीए को प्रतिशत में परिवर्तित करने का प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। नौ जुलाई की काउंसिलिंग में शामिल हो चुके विद्यार्थियों को दोबारा उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

