ऊना पुलिस के तीन अफसरों के तबादले दो नए अधिकारी संभालेंगे जिम्मेदारी
नगर संवाददाता- ऊना
जिला ऊना पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। विभाग में तैनात तीन वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जबकि दो नए अधिकारियों को ऊना में जिम्मेदारी सौंपी गई है। एएसपी संजीव भाटिया को चंबा में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो, एएसपी सुरिंदर शर्मा को कुल्लू में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एएनटीएफ और डीएसपी अजय ठाकुर को विजिलेंस शिमला भेजा गया है। इनके स्थान पर अजय कुमार को ऊना का एएसपी नियुक्त किया गया है। अजय कुमार इससे पहले सिरमौर में स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो में एएसपी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। उनकी नई तैनाती के बाद ऊना में पुलिस प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों की जिम्मेदारी उनके पास होगी। वहीं हेमराज को डीएसपी हेडक्वार्टर ऊना नियुक्त किया गया है। हेमराज इससे पहले कुल्लू में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में डीएसपी के पद पर तैनात थे।
नशे के खिलाफ कार्रवाई और कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में अनुभव रखने वाले हेमराज की ऊना में तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एएसपी संजीव भाटिया ने ऊना में रहते हुए पुलिस प्रशासन और कानून व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाले। अब उन्हें चंबा में विजिलेंस की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एएसपी सुरिंदर शर्मा को कुल्लू एएनटीएफ में तैनाती मिली है। डीएसपी अजय ठाकुर अब विजिलेंस शिमला में सेवाएं देंगे। एक साथ तीन अधिकारियों के तबादले और दो नई तैनातियों से ऊना पुलिस महकमे में बड़ा बदलाव हुआ है। नई तैनातियों के बाद पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं और जिम्मेदारियों में भी बदलाव देखने को मिलेगा। अधिकारियों के अनुभव को देखते हुए नई नियुक्तियों से जिले में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने की उम्मीद है। उधर, एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस अधिकारियो के ट्रांसफर आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उनके पास अनऑफिशियल ही सूचना आई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
