छात्रों पर फायरिंग की जिम्मेदारी तय करे केंद्र, हमें शाह का पर्सनल ओपिनियन नहीं सुनना, रखीं 3 मांगें

By: Aug 11th, 2026 12:10 am

रिजिजू को दो टूक, हमें अमित शाह का पर्सनल ओपिनियन नहीं सुनना, तीन मांगे रखीं

नड्डा बोले, जंतर-मंतर पर कोई गोली नहीं चली, भ्रम फैला रहे राहुल गांधी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली

जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और गोली चलाने की घटनाओं पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान की मांग पर अड़े विपक्ष ने अपना रुख और कड़ा कर लिया है। सोमवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्र आंदोलन में हुई हिंसा और पुलिस एक्शन पर चर्चा करने को
तैयार है और गृह मंत्री अमित शाह इस पर सदन में बोलेंगे, लेकिन विपक्ष को यह बयान सुनना होगा और सदन से भागना नहीं होगा। इस पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि विपक्ष गृह मंत्री का कोई सामान्य भाषण सुनने का इच्छुक नहीं है। गृह मंत्री को यह स्पष्ट करना होगा कि 20 जुलाई को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, कीलों वाले डंडों और पैलेट गन का इस्तेमाल करने का आदेश किसने दिया। अगर अमित शाह ने यह आदेश दिया था, तो वह दोषी हैं, और अगर उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी, तो वह अक्षम हैं। दोनों ही स्थितियों में उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यह भी कहा कि विपक्ष की मांग यह नहीं थी कि शाह सदन में आकर किसी भी सामान्य विषय पर बोलें, बल्कि उनसे यह स्पष्ट करने को कहा जा रहा है कि क्या उन्होंने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया था या नहीं। राहुल ने कहा कि विपक्ष की तीन मांगें हैं। पहली, युवाओं पर गोली चलाने की जिम्मेदारी स्पष्ट हो।

दूसरी, प्रधानमंत्री घटना के लिए माफी मांगें और तीसरी, राम मंदिर में चोरी के मुद्दे पर चर्चा हो। राहुल गांधी ने आगे कहा कि अमित शाह में संसद में आकर हमारे सामने खड़े होने का साहस नहीं है। पिछले 15 दिनों में उन्होंने यही दिखाया है। न तो नरेंद्र मोदी और न ही अमित शाह में हिम्मत है कि वे संसद में हमारे सवालों का जवाब दे सकेंं। किसी को उनकी पर्सनल राय में कोई दिलचस्पी नहीं है। हम बस यह जानना चाहते हैं कि गोली चलाने का आदेश किसने दिया और अगर उन्होंने नहीं दिया, तो गृह मंत्रालय में किसने दिया? हम समझना चाहते हैं कि क्या इसमें किसी की गलती है या अक्षमता है? राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक गृह मंत्री गोलीबारी की जिम्मेदारी तय नहीं करते, तब तक केवल सामान्य चर्चा स्वीकार्य नहीं होगी। उधर, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की प्रेस कान्फ्रेंस के जवाब में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने ककहा कि राहुल अराजकता फैला रहे हैं। गृहमंत्री हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं। राहुल नहीं चाहते कि संसद चले। अब वह गोल पोस्ट चेंज कर रहे हैं। हम सदन में हर विषय पर जवाब देना चाहते हैं। राहुल का विपक्ष के नेता के रूप में गैर जिम्मेदराना व्यवहार रहता है। जंतर-मंतर पर कोई गोली नहीं चली, वह भ्रम फैला रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App