एमसी पार्क में पुलिस ब्रास बैंड ने बांधा देशभक्ति का समां

By: Aug 11th, 2026 12:02 am

वंदे मातरम की धुन बजाकर सभी को किया मंत्रमुग्ध, कार्यक्रम में एसपी ऊना सचिन हिरेमठ, एएसपी संजीव भाटिया, डीएसपी अजय ठाकुर रहे मौजूद

नगर संवाददाता-ऊना
वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सोमवार को एमसी पार्क ऊना में हिमाचल प्रदेश पुलिस ब्रास बैंड ने विशेष देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किया। पुलिस बैंड की शानदार प्रस्तुतियों से पूरा पार्क देशभक्ति के रंग में रंग गया। बैंड ने ‘वंदे मातरम’ समेत कई देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत कर लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। हिमाचल प्रदेश सरकार और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर पुलिस ब्रास बैंड प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विशेष प्रस्तुतियां दे रहा है।

इसी कड़ी में ऊना के एमसी पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस बैंड ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक धुनों से लोगों को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में एसपी ऊना सचिन हिरेमठ, एएसपी संजीव भाटिया, डीएसपी अजय ठाकुर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सचिन हिरेमठ ने पुलिस बैंड की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ‘वंदे मातरम’ महज एक गीत नहीं, बल्कि देश के प्रति गौरव, सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने वाला राष्ट्रीय गीत है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देश की समृद्ध विरासत और राष्ट्रप्रेम से जोडऩे के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस बैंड अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को देशभक्ति के गीतों से जोडऩे का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम’ के अलावा कई अन्य देशभक्ति गीतों की धुनें प्रस्तुत की गईं। पुलिस बैंड की प्रस्तुति को देखने और सुनने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। बैंड की धुनों के बीच एमसी पार्क में देशभक्ति का माहौल बना रहा और लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App