Baddi News: बद्दी में ठेकेदार पर जानलेवा हमला, भुड़ बैरियर पर शातिरों ने रास्ता रोक कर किया अटैक
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के भुड़ बैरियर के समीप सोमवार रात घर लौट रहे एक ठेकेदार का रास्ता रोककर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार और पिकअप में आए हमलावरों ने ठेकेदार को घेरकर डंडों व घातक हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर उसकी लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस थाना बद्दी में भुड़ निवासी मोहन लाल ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उनका बेटा मक्खन सिंह ठेकेदारी का काम करता है। रविवार देर रात वह अपनी गाड़ी से घर लौट रहा था। इसी दौरान भुड़ बैरियर के समीप चनालमाजरा निवासी इकबालए प्रीत व उनके अन्य साथियों ने कथित तौर पर कार और पिकअप वाहन से उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने मक्खन सिंह पर डंडों और घातक हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी उसकी लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस थाना बद्दी में इकबालए प्रीत व अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126 (2), 109, 309 (4) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि भुड़ बैरियर के समीप ठेकेदार पर जानलेवा हमला कर उसकी लाइसेंसी पिस्टल और लैपटॉप ले जाने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
