मणिमहेश में श्रद्धालुओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, एडीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, तैयारियों पर चर्चा

By: Aug 11th, 2026 12:07 am

बैठक के दौरान एडीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश, तैयारियों पर चर्चा

नगर संवाददाता-भरमौर

मणिमहेश यात्रा 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुचारू संचालन को लेकर सोमवार को एडीएम कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने की। बैठक में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जाने वाली विभिन्न सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने संबंधित विभागों को यात्रा से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भरमौर हेलिपैड, चौरासी मंदिर परिसर, भरमाणी माता मंदिर व हड़सर में विद्युत व्यवस्था को सुचारू एवं निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए।

मेडिकल कैंप स्थापित होंगे

एडीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मणिमहेश यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाने वाले स्वास्थ्य शिविर श्रद्धालुओं को आसानी से दिखाई दें। एडीएम ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मणिमहेश यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

हड़सर से मणिमहेश तक रास्ते का काम शुरू

एडीएम ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मणिमहेश यात्रा के मद्देनजर हड़सर से मणिमहेश तक के मार्ग पर चल रहे क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत एवं सुधार कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। यात्रा शुरू होने से पूर्व मार्ग को श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए सुरक्षित एवं सुगम बनाना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में एसडीएम भरमौर अजय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App