तीन साल बाद दभोटा पुल पर दौड़ीं कारें
हिमाचल-पंजाब के बीच बहाल हुई सीधी आवाजाही, विधायक हरदीप बावा ने गटका डलवाकर खुलवाया रास्ता
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
करीब तीन साल से दभोटा पुल खुलने का इंतजार कर रहे हिमाचल और पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के लिए सोमवार राहत लेकर आया। जुलाई 2023 की बरसात में क्षतिग्रस्त होने के बाद से बंद पड़े इस महत्वपूर्ण पुल पर आखिरकार एलएमवी लाइट मोटर व्हीकल की आवाजाही शुरू हो गई। पुल के एक छोर को मुख्य सडक़ से जोडऩे के लिए गटका डलवाकर रास्ता तैयार किया गया जिसके बाद कारों समेत हल्के मोटर वाहन पुल से गुजरने लगे। हालांकि पुल का करीब पांच फीसदी काम अभी अधूरा होने के कारण भारी वाहनों को फिलहाल इंतजार करना पड़ेगा।
नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पुल के एक छोर पर गटका डलवाकर एलएमवी की आवाजाही शुरू करवाई। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि शेष निर्माण कार्य पूरा होने तक पुल पर बड़े ट्रक और ट्रैक्टर न ले जाएं। इस मौके पर हुसन ठाकुर, बलदेव सिंह अमरेंद्र भिंडर, प्रधान विकास सैनी, उपप्रधान मोहन सिंह, मदन चौधरी, सुरमुख सिंह, उजागर चौधरी, गुरबचन चौधरी, नोनी चौधरी, मोहन सिंह, अनमोल सिंह और सर्वजीत सिंह समेत अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पेमेंट के फेर में काम बंद
बावा ने आरोप लगाया कि पुल का करीब 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है, लेकिन शेष पांच फीसदी काम ठेकेदार की लंबित पेमेंट के कारण अटका हुआ है। पिछले करीब एक माह से निर्माण कार्य बंद पड़ा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार अपने हिस्से की डेढ़ करोड़ रुपये की राशि पंजाब सरकार के पास पहले ही जमा करवा चुकी है। इसके बावजूद ठेकेदार को लंबित भुगतान नहीं होने के कारण शेष काम पूरा नहीं हो पा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
