फीस वृद्धि के विरोध में एबीवीपी का नाहन में धरना
25 से 30 फीसदी फीस बढ़ोतरी वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) नाहन इकाई ने छात्रों से जुड़ी प्रदेश स्तरीय मांगों को लेकर सोमवार को धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान अभाविप कार्यकर्ताओं और छात्रों ने प्रदेश सरकार तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में तत्काल कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में एबीवीपी प्रदेश सह-मंत्री अभी ठाकुर और जिला सिरमौर संगठन मंत्री भागमल विशेष रूप से मौजूद रहे। एबीवीपी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से फीस में 25 से 30 प्रतिशत तक की गई बढ़ोतरी का विरोध किया। प्रदेश सह-मंत्री अभी ठाकुर ने कहा कि फीस वृद्धि से सामान्य, मध्यमवर्गीय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले ही छात्रों और उनके परिवारों पर शिक्षा, आवास व अन्य खर्चों का भार है। ऐसे में फीस बढ़ाना छात्रहित में नहीं है। उन्होंने फीस वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की। एबीवीपी ने प्रदेश के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव तत्काल बहाल करने की मांग भी उठाई। अभी ठाकुर ने कहा कि छात्र संघ चुनाव छात्रों को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी समस्याएं उठाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देते हैं। लंबे समय से चुनाव न होने से छात्रों की लोकतांत्रिक भागीदारी प्रभावित हो रही है। एबीवीपी नाहन इकाई ने चेतावनी दी कि यदि फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने समेत अन्य मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में अभाविप कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
