हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा पांवटा साहिब

By: Aug 11th, 2026 12:01 am

हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवडिय़ों के लिए जगह-जगह लगाए सेवा शिविर; भोजन, विश्राम और मेडिकल सुविधा उपलब्ध

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
सावन के महीने में पांवटा साहिब हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज रहा है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हजारों कांवडिय़ों के स्वागत और सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए हैं। श्रावण मास में भगवान शिव को गंगाजल अर्पित करना विशेष फलदायी माना जाता है। इसी के चलते हरियाणा और हिमाचल सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। पांवटा साहिब पहुंचने वाले कांवडिय़ों के लिए हर-हर महादेव कांवड़ सेवा समिति की ओर से विश्राम, भोजन और मेडिकल सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

शिविर में शिवभक्तों को साफ-सुथरा भोजन दिया जा रहा है। इसके अलावा सुबह-शाम भगवान शिव की आरती और प्रत्येक शाम भोले की चौकी का आयोजन किया जा रहा है। भजनों पर कांवडिय़ों और श्रद्धालुओं के झूमने से शिविर का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष कांवडिय़ों की संख्या अधिक होने के चलते शिविर में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। दवाइयों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध हैं। स्थानीय लोग भी सेवा कार्य में बढ़-चढक़र सहयोग कर रहे हैं। पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी ने भी शिविर में पहुंचकर आरती में भाग लिया और आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं, श्री शिव सेवा मंडल की ओर से वाई-प्वाइंट पर भी नि:शुल्क कांवड़ शिविर लगाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App