नशा तस्करों की 2.09 करोड़ की संपत्ति फ्रीज, चिट्टा सप्लाई के सरगना तक पहुंची शिमला पुलिस की टीम

By: Aug 12th, 2026 12:07 am

स्टाफ रिपोर्टर — शिमला

नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस ने अब तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी आर्थिक कमर तोडऩे की दिशा में भी बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पंजाब के बठिंडा से संचालित एक बड़े चिट्टा तस्करी नेटवर्क से जुड़ी करीब 2.09 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति जब्त/फ्रीज की गई है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई नशे से कमाई गई संपत्ति के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी वित्तीय कार्रवाइयों में से एक है। मामले की शुरुआत 20 जून, 2026 को हुई, जब शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर कनलोग स्थित एक होम-स्टे में छापेमारी की। इस दौरान बठिंडा निवासी गोपाल कुमार को करीब 16 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी के नशे की सप्लाई से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाई। बैकवर्ड लिंकेज की जांच में बठिंडा निवासी गुरुवचन उर्फ गुरु का नाम सामने आया।

पुलिस ने उसे मोहाली से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 162 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस के अनुसार वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर की गई आगे की जांच में इस नेटवर्क के पीछे बठिंडा निवासी दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ का नाम सामने आया। जांच में उसे नेटवर्क का प्रमुख सरगना बताया गया है। शिमला पुलिस ने बठिंडा में संयुक्त अभियान चलाकर दीपक कुमार उर्फ कर्णी बराड़ को गिरफ्तार किया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि तस्करी से अर्जित धन, संपत्तियों और अन्य आर्थिक संसाधनों की पहचान कर उन पर भी कार्रवाई की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App