इलेक्ट्रिक बस से जुड़े वंदे भारत ट्रेन, हमीरपुर-ऊना रेलवे स्टेशन के बीच HRTC उपलब्ध करवाए सेवा

By: Aug 12th, 2026 12:07 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

वर्ष 2022 में हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों से कुछ माह पहले केंद्र सरकार ने प्रदेश को वंदे भारत रूपी बड़ी सौगात से इस छोटे से पहाड़ी राज्य को नवाजा था। उस वक्त सच में हैरान कर देने वाली बात थी कि देश में चली कुल चार वंदे भारत ट्रेनों में एक हिमाचल के लिए भी शुरू की गई थी। दिल्ली से ऊना के अंब अंदौरा तक चलने वाली इस वंदे भारत सेवा के शुरू होने का क्रेडिट हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद व तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर को दिया जा है। दरअसल दिल्ली से मात्र पांच घंटे 15 मिनट में तय होने वाली लगभग 412 किलोमीटर की दूरी न केवल समय की बड़ी बचत है, बल्कि बहुत ही सुगम सफर भी है, लेकिन बिडंबना कि वंदे भारत जैसी सुपरफास्ट टे्रन में वीआईपी जैसी फिलिंग लेकर आने वाली यात्री उस वक्त आम इंसानों जैसी फिलिंग लेने के लिए मजबूर हो जाते हैं, जब उन्हें आगे अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए या तो बसों में धक्के खाने पड़ते हैं या फिर टैक्सी चालकों से भाड़े के लिए मोल-भाव करना पड़ जाता है। दिल्ली से तो वे ऊना तक पांच घंटे में पहुंच जाते हैं, लेकिन आगे का जो सफर एक या दो घंटे में पूरा होना चाहिए, उसमें भी उन्हें मुख्य स्टेशन हमीरपुर तक पहुंचने में चार से छह घंटे लग जाते हैं।

इसलिए होना यह चाहिए कि जिस तरह से एयरपोर्ट में बाहर से आने वाले यात्रियों के लिए लग्जरी बसों इत्यादि की सुविधा रहती है, उसी तर्ज पर अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन से ऐसी कोई सुविधा शुरू की जानी आवश्यक है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की नई इलेक्ट्रिक बसें इसका बेहतर विकल्प हो सकती हैं। मात्र एक या दो बसों से आसानी से वंदे भारत के यात्रियों को सुगम सुविधा दी जा सकती है। मौजूदा समय में या तो लोग किसी के साथ गाड़ी में आते हैं या फिर टैक्सी करके वंदे भारत पकडऩे के लिए पहुंचते हैं। कुछ लोग सीधे अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन पर आते हैं, तो कुछ ऊना के पास रेलवे स्टॉप पर आते हैं, जहां केवल पांच मिनट के लिए ट्रेन रुकती है।

हमीरपुर के लिए शुरू हो बस सेवा

सुबह सवा पांच बजे के करीब दिल्ली से चलने वाली वंदे भारत सवा 11 बजे के लगभग अंब अंदौरान रेलवे स्टेशन पर पहुंची है। वापसी में दोपहर एक बजे ट्रेन यहां से रवाना हो जाती हैं। ऐसे में अंब अदौरा या ऊना रेलवे स्टेशन से हमीरपुर से ऐसी बस सेवा शुरू की जानी चाहिए, जो साढ़े 11 और साढ़े 12 बजे के मध्य रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, ताकि जो यात्री दिल्ली से आए हैं, उन्हें आगे के लिए डायरेक्टर नॉन स्टॉप सुविधा मिल सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App