अवानिका फिल्म्स ने किया ‘प्रेम कीटाणु’ का ऐलान, 2 अक्तूबर को होगी रिलीज
मुंबई। निर्माता गौरव वर्मा के नए बैनर अवानिका फिल्म्स ने फर्स फिल्म्स के साथ मिलकर अपनी पहली फिल्म प्रेम कीटाणु की घोषणा की है। अपूर्व सिंह कार्की के निर्देशन में बनी यह फिल्म दो अक्तूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में वीर पहाडिय़ा, आफिया सैयद, अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। अपूर्व सिंह कार्की इससे पहले सिर्फ एक बंदा काफी है और एस्पिरेंट्स जैसी चर्चित परियोजनाओं का निर्देशन कर चुके हैं।
प्रेम कीटाणु ऐसे युवाओं की कहानी है, जिन्हें कॉलेज में न माक्र्स मिले, न उम्मीद और न प्यार, लेकिन मिले तो सिर्फ दोस्त और खूब सारे हार्टब्रेक्स। फिल्म आज के युवाओं की जिंदगी, उनकी महत्वाकांक्षाओं और प्यार से जुड़े संघर्षों को हास्य और सहज अंदाज में पेश करती है। यह फिल्म अवानिका फिल्म्स की पहली पेशकश है। गौरव वर्मा ने इस बैनर की स्थापना ऐसी कहानियों को मंच देने के उद्देश्य से की है, जिनमें भावनात्मक सच्चाई के साथ मजबूत थिएट्रिकल अपील हो।
रेड चिलीज के लिए स्वतंत्र निर्माता के तौर पर उनकी पिछली फिल्मों डार्लिंग्स, भक्षक, जवान और बदला को समीक्षकों और दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अवानिका फिल्म्स की पहली फिल्म के रूप में प्रेम कीटाणु एक ऐसे स्टूडियो की रचनात्मक दिशा तय करती है, जो नई और विविध कहानियों के साथ ताजगी और मनोरंजन से भरपूर थिएट्रिकल फिल्मों के निर्माण पर जोर देना चाहता है। फिल्म आज के युवाओं से जुडऩे के साथ पुरानी पीढ़ी को उनके कॉलेज के दिनों और बीते अनुभवों की याद दिलाने की कोशिश करेगी। प्रेम कीटाणु उनकी जिंदगी के अनुभवों को अगली पीढ़ी की उम्मीदों और सपनों से जोड़ती नजर आएगी। प्रेम कीटाणु दो अक्तूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
