ज्वेलरी शोरूम में डेढ़ लाख की चोरी, दो महिलाओं ने ग्राहक के बैग से उड़ाई नकदी; वारदात CCTV में कैद

By: Aug 12th, 2026 6:41 pm

सुरेंद्र शर्मा, अंब

अंब। जिला मुख्यालय अंब के समीप एक आभूषण शोरूम में ग्राहक के बैग से डेढ़ लाख रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात को दो महिलाओं ने बेहद शातिराना अंदाज में अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के अनुसार कुठेड़ा खैरला निवासी मंगल सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ आभूषण खरीदने शोरूम पहुंचे थे। उनके बैग में 50-50 हजार रुपए की तीन गड्डियां रखी थीं। परिवार गहने देखने में व्यस्त था। इसी दौरान एक बच्ची के साथ शोरूम में पहुंची दो महिलाओं में से एक ने सोफे पर रखे बैग से नकदी निकाल ली। इसके बाद दोनों महिलाएं वहां से निकल गईं।

मंगल सिंह को चोरी का पता शाम को बैग देखने पर चला। इसके बाद वह शोरूम पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई, जिसमें महिलाओं द्वारा बैग से नकदी निकालने की घटना सामने आई। उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत दी।डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित महिलाओं की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App