शातिरों ने भगवान का घर भी नहीं बख्शा, सुजानपुर में शिव मंदिर का दानपात्र तोड़ चढ़ावा ले उड़े चोर
बिंदिया ठाकुर—सुजानपुर
सुजानपुर के वार्ड नंबर 6 स्थित शिव मंदिर में चोरों ने दानपात्र को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी है। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना और भजन के लिए मंदिर पहुंचे तो दानपात्र के टूटे ताले देखकर उनके होश उड़ गए। मौके पर दानपात्र के पास लोहे की पाइप भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना की सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची। वार्ड पार्षद प्रोमिला मेहरा और स्थानीय लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पार्षद ने पुलिस को पूरी घटना से अवगत करवाया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर के मुख्य गेट पर ताला नहीं लगाया जाता था, लेकिन दानपात्र बाकायदा लॉक रहता था। खास बात यह है कि सावन महीने के चलते मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की खूब आवाजाही है और दानपात्र में भी काफी चढ़ावा जमा होने की संभावना थी। लोगों ने बताया कि आमतौर पर करीब दो-तीन महीने बाद दानपात्र खोला जाता है और इस बार भी जल्द ही चढ़ावा निकालने की तैयारी थी। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। मंदिर के अंदर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा हुआ था, ऐसे में पुलिस आसपास के कैमरों से चोर तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों को सलाह दी है कि मंदिरों में लगे दानपात्र को लंबे समय तक खाली न छोड़ा जाए और नियमित अंतराल पर चढ़ावा निकालकर सुरक्षित रखा जाए। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। चोर कौन था और दानपात्र में कितना चढ़ावा था, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
