सुखबीर सिंह बादल पर हमला, नांदेड़ के एक गुरुद्वारे में निहंग ने किया तेजधार हथियार से वार
महाराष्ट्र के नांदेड़ में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ है। हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके के एक दुरुद्वारे में एक निहंग ने धारदार हथियार से सुखबीर बादल पर हमला कर दिया। इस हमले में बादल के दाहिने हाथ में चोट आई और उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान श्री बादल की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी भी घायल हुआ। घटना के बाद सामने आए दृश्यों में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ पर भगवा कपड़ा बंधा हुआ दिखाई दिया। हालांकि, हमले की परिस्थितियों और उन्हें लगी चोटों की प्रकृति की तत्काल पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। हमलावर की पहचान और हमले के कारणों के संबंध में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली है। सुखबीर बादल पर इससे पहले भी हमला हो चुका है। चार दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर के बाहर एक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। उस समय श्री बादल धार्मिक सेवा कर रहे थे। हालांकि, हमलावर को मौके पर काबू कर लिया गया था और श्री बादल सुरक्षित बच गए थे। तख्त श्री हजूर साहिब सिख धर्म के पांच प्रमुख तख्तों में से एक है। नांदेड़ स्थित यह धार्मिक स्थल सिख समुदाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसका संबंध गुरु गोबिंद सिंह के जीवन के अंतिम दिनों से है।
श्री बादल का नांदेड़ दौरा ऐसे समय हुआ है जब ऐतिहासिक गुरुद्वारे के प्रबंधन और उससे जुड़े कानूनी ढांचे को लेकर भी चर्चा जारी है। शिअद और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) सहित विभिन्न सिख संगठनों ने महाराष्ट्र सरकार की ओर से हजूर साहिब के प्रबंधन को लेकर किए गए प्रयासों का पहले विरोध किया है। इन संगठनों का कहना रहा है कि धार्मिक संस्था की स्वायत्तता और सिख समुदाय की भावनाओं की रक्षा की जानी चाहिए। अधिकारियों की ओर से श्री बादल की स्थिति और हमले की परिस्थितियों के संबंध में विस्तृत जानकारी जांच आगे बढ़ने के साथ दिए जाने की उम्मीद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
